फर्रुखाबादः शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अमेठी कोहना निवासी दलित पिंकू उर्फ विमलेश पुत्र मुन्शीलाल की नवविवाहिता पत्नी रेखा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जिसके मामले में पुलिस ने मृतक के सास,ससुर व जेठ पर मुकदमा दर्ज कर लिया|
मृतका के पति विमलेश ने बताया था कि घटियाघाट गल्ला मण्डी में उसकी परचून की दुकान है। घर में पिता मुन्शीलाल कठेरिया व भाई राजीव, सुनील व सुनील की पत्नी जायो, बबलू व उसकी पत्नी अनीता सभी लोग घटियाघाट स्थित दुर्वासा आश्रम पर चले गये थे। पिंकू उर्फ विमलेश व उसकी पत्नी रेखा ही घर पर थे। विमलेश के अनुसार खाना खाने के बाद हम क्रिकेट मैच देखने चले गये थे। घर पर अब सिर्फ रेखा ही बची थी। रेखा ने छत पर जाकर एक लकड़ी के बल्ले में दुपट्टा से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। विमलेश ने बताया था कि उसकी शादी जिला हरदोई के थाना पाली के ग्राम पाण्डेयपुर से तकरीबन 6 माह पूर्व हुई थी। घटना की सूचना मायके वालों को दे दी गयी थी| देर शाम मायके पक्ष के लोग अमेठी कोहना पहुंचे|
आज मृतक रेखा के पिता राम लक्ष्मण ने रेखा के पति पिंकू उर्फ़ विमलेश, सास शांति देवी, ससुर मुंशी लाल व जेठ सुनील के खिलाफ दहेज़ उत्पीड़न का मुकदमा कोतवाली में दर्ज कर लिया| रेखा के पिता राम लक्ष्मण ने बताया कि शादी के बाद से ही रेखा के ससुराल जन मोटरसाइकल व सोने कि जंजीर को लेकर रेखा को प्रताड़ित कर रहे थे जिसको लेकर इन लोगों ने रेखा को फांसी लगाकर मार दिया| पुलिस ने इस सम्बन्ध में रेखा के ससुर मुंशी लाल व पति पिंकू उर्फ़ विमलेश को हिरासत में ले रखा है|

