ऑनर किलिंग के नाम पर दंपत्ति को गोलियों से उड़ाया

0
100

बदायूं। ऑनर किलिंग को लेकर कड़े तेवर अपनाते हुए सुप्रीम कोर्ट द्वारा दोषियों को मौत की सजा देने के आदेश के बाद भी प्रदेश में ऐसी घटनाओं पर लगाम नहीं लग रहा। ऑनर किलिंग का एक और मामला बदायूं जिले में सामने आया है। इज्‍जत की खातिर एक दंपत्ति को मौत के घाट उतार दिया गया। इस मामले में पुलिस ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और मामले की छानबीन कर रही है।

[adrotate banner="3"]

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार मथुरा-बरेली हाइवे पर घात लगाए कुछ लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग कर पति पत्नी की जान ले ली। जानकारी के मुताबिक कांशीरामनगर में मल्लाह नगर के रहने वाले मुन्नालाल और उनकी पत्नी नेमवती जब बाइक से बदायूं जा रहे थे तभी तीन बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर फायरिंग की जिसमें दोनों ने मौके पर दम तोड़ दिया।

मुन्नालाल के घरवालों का आरोप है कि नेमवती के ननिहाल वाले इस शादी के खिलाफ थे और इसी वजह से उन्होंने ये हत्या कराई है। वहीं, मुन्नालाल का भतीजा पप्पू का कहना है कि चाचा मुन्ना लाल और चाची ने शादी की थी इसलिए चाची के घरवाले नाराज थे और बदायूं रास्ते में गोलियों से भुन कर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इनमें नेमवती के तीन मामा भी शामिल हैं।

मालूम हो कि अभी दो दिन पूर्व ही मेरठ में एक ऐसा ही मामला सामने आया था। पिता ने अपनी बेटी की शा‍दी अपनी मर्जी से तय की। मगर जब बेटी ने शादी से इंकार किया तो पिता ने जहर देकर उसकी हत्‍या कर दी और घर से दूर ले जाकर एक खेत में शव को जला दिया। उल्‍लखनीय है कि जिस दिन यह वारदात हुई उस दिन शाम को ही बारात आनी थी।

[adrotate banner="2"]