मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से कोई पात्र नागरिक न रहे वंचित: डीएम

0
44

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटने न पाए। खासकर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और महिलाओं का पंजीकरण प्राथमिकता से कराया जाए।डीएम ने कहा कि बीएलओ घर-घर पहुंचकर नए मतदाताओं को चिह्नित करें और उनसे फार्म-6 भरवाएं। सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पर्याप्त समय तक मौजूद रहकर आवेदन प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से शुरू हो चुका है और 16 दिसंबर तक चलेगा। पात्र नागरिक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए।जिलाधिकारी ने बताया कि 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दोनों दिनों में सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहकर मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त करेंगे। बूथों पर 17 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के साथ पर्याप्त संख्या में फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की मौजूदगी सुनिश्चित कराने और उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने की अपील की।डीएम ने निर्देश दिए कि शहरी निकाय और पंचायत की मतदाता सूचियों का विधानसभा निर्वाचक नामावली से मिलान कराया जाए। इससे ऐसे पात्र लोगों की पहचान हो सकेगी, जिनका नाम स्थानीय निकाय की सूची में तो है, लेकिन विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। शहरी क्षेत्रों में सभासदों और ग्रामीण इलाकों में ग्राम प्रधानों का सहयोग लेने को भी कहा गया।उन्होंने सरकारी राशन की दुकानों के लाभार्थियों में से 18 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे लोगों को चिह्नित करने के निर्देश दिए, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है। इसमें महिलाओं और युवाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसके अलावा महिला स्वयं सहायता समूहों, समूह सखियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा और एएनएम के माध्यम से पात्र महिलाओं की पहचान कराकर उनका फार्म-6 भरवाने के निर्देश दिए गए।बैठक में राजनीतिक दलों की ओर से बीएलए नियुक्त किए जाने की स्थिति की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि 24 नवंबर तक समाजवादी पार्टी ने कायमगंज, भोजपुर और अमृतपुर विधानसभा क्षेत्रों के बीएलए की सूची उपलब्ध करा दी है। अन्य किसी राजनीतिक दल ने अभी तक सूची नहीं सौंपी है। इस पर डीएम ने शेष दलों से भी जल्द सूची उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]