फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) परिवार में शादी समारोह की तैयारियों के बीच छुट्टी पर घर आए पुलिसकर्मी की मौत से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के नगला मोती निवासी 29 वर्षीय सिपाही प्रेमवीर यादव ने फिरोजाबाद जिले में फांसी लगाकर जान दे दी। वह फिरोजाबाद के अरांव थाने में डाक मुंशी के पद पर तैनात थे। प्रेमवीर पुत्र वैश राम सिंह यादव 23 नवंबर को अवकाश लेकर घर आए थे। परिवार में लगातार दो दिन विवाह समारोह निर्धारित थे। 24 नवंबर को
परिवार के राजवीर की बेटी वंदना का विवाह पखना स्थित एक गेस्ट हाउस में संपन्न होना था, जबकि 25 नवंबर को उनके चाचा रामनंदन की बेटी प्रेमलता की शादी थी। घर में मेहमानों की आवाजाही और विवाह की तैयारियां चल रही थीं।इसी बीच 24 नवंबर की सुबह थाने से प्रेमवीर के पास फोन आया। उनके भाई श्यामवीर के मुताबिक, फोन पर छुट्टी निरस्त होने की जानकारी देते हुए तत्काल ड्यूटी पर पहुंचने को कहा गया। इसके बाद प्रेमवीर अपनी कार से फिरोजाबाद रवाना हो गए। उसी रात परिजनों को उनके फांसी लगाने की दुखद सूचना मिली। 25 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे फिरोजाबाद पुलिस उनका पार्थिव शरीर लेकर नगला मोती गांव पहुंची।प्रेमवीर तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई रामवीर और श्यामवीर विवाहित हैं, जबकि चार बहनों की भी शादी हो चुकी है। जवान बेटे का शव देखकर मां सरिता देवी बदहवास हो गईं। परिवार की शादी की खुशियां देखते ही देखते चीख-पुकार में बदल गईं।सूचना पर मोहम्मदाबाद थाना पुलिस गांव पहुंची और दिवंगत सिपाही को शोक सलामी दी। इसके बाद गमगीन माहौल में गांव में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, छुट्टी रद्द होने पर ड्यूटी पर लौटे सिपाही ने लगाई फांसी
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



