सामूहिक विवाह समारोह में 390 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, 3 का निकाह

0
103

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 393 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 390 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए, जबकि तीन मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। नवदंपतियों को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उपहार भेंट कर सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर और विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों का स्वागत किया गया। मदन मोहन कन्नौजिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में बड़ी मददगार साबित हो रही है। उन्होंने नवदंपतियों से जल संरक्षण और वृक्षारोपण को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि वैवाहिक जीवन में प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के सम्मान को प्राथमिकता देनी चाहिए। विधायक सुशील शाक्य और नागेंद्र सिंह राठौर ने भी नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की। एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी ने योजना को सामाजिक समरसता और समानता को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि विवाह के बाद पति-पत्नी एक-दूसरे की भावनाओं और विचारों का सम्मान करें। आपसी विश्वास, धैर्य और संवाद से ही दाम्पत्य जीवन सफल बनता है। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजे जाते हैं, 25 हजार रुपये के वैवाहिक उपहार दिए जाते हैं तथा 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च होते हैं।समारोह में नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उपहार वितरित किए गए। अपने बच्चों को नए जीवन की शुरुआत करते देखकर परिजन भी भावुक नजर आए। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय, एडीएम अरुण कुमार सिंह, एएसपी आरती सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एसडीएम संजय कुमार, सीओ सदर अभय वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]