फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) नौनिहालों को शिक्षा और पोषण की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए आंगनबाड़ी केंद्र सरकारी व्यवस्था की अनदेखी का शिकार हो रहे हैं। अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव भावन में इसका उदाहरण सामने आया है। यहां तैयार आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की गतिविधियों के बजाय भूसा और कंडे भरकर रखे गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र का भवन निर्माण पूरा होने के बाद उसकी रंगाई-पुताई और दीवारों पर लिखाई भी कराई गई थी। भवन पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसका इस्तेमाल बच्चों को पढ़ाने और पोषण संबंधी गतिविधियों के लिए नहीं हो रहा है। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने भवन में भूसा और कंडे भरकर उसे गोदाम बना दिया है। उक्त व्यक्ति को ग्राम प्रधान का करीबी बताया जा रहा है।सरकारी धनराशि से तैयार भवन का इस तरह इस्तेमाल किए जाने से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जिस भवन में नौनिहालों की पढ़ाई और उनके पोषण से जुड़ी गतिविधियां संचालित होनी चाहिए थीं, वहां पशुओं के चारे का भंडारण किया जा रहा है। सीडीपीओ अमित मिश्रा ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्र में भूसा और कंडे रखने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लाखों की लागत से बना आंगनबाड़ी केंद्र बना भूसा-कंडे का गोदाम
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



