संस्कृत नाट्य कार्यशाला में 15 दिन तक कलाकार सीखेंगे अभिनय के गुर

0
30

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति और नाट्य परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम् एवं श्री विश्वनाथ सामाजिक सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 15 दिवसीय प्रस्तुति परक संस्कृत नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला का शुभारंभ 16 नवंबर 2026 को जोगराज स्ट्रीट स्थित एशियन स्किल अकादमी में होगा।कार्यशाला में विद्यार्थियों एवं युवाओं को अभिनय, संवाद अदायगी, नाट्य कला और मंचीय प्रस्तुति का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके माध्यम से प्रतिभागियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल को निखारने का प्रयास किया जाएगा। कार्यशाला का निर्देशन सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय करेंगे, जबकि संस्कृत शिक्षण का दायित्व डॉ. प्रदीप कुमार शुक्ला संभालेंगे।आयोजकों के अनुसार कार्यशाला में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इच्छुक प्रतिभागियों को पहले आगत, पहले पावत के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। कार्यशाला के दौरान संस्कृत साहित्य के प्रसिद्ध नाटककार महाकवि भास द्वारा रचित नाटक ‘दूतवाक्यम्’ का प्रशिक्षण दिया जाएगा।महाभारत की कथा पर आधारित इस नाटक में भगवान श्रीकृष्ण के शांति दूत बनकर कौरवों की सभा में पहुंचने और दुर्योधन को धर्म एवं न्याय का मार्ग अपनाने का संदेश देने के प्रसंग को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें पांडवों के अधिकारों की मांग, युद्ध टालने के प्रयास, दुर्योधन के अहंकार तथा भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप का प्रभावशाली चित्रण किया जाएगा।नाटक के माध्यम से धर्म-अधर्म, सत्य-असत्य और न्याय-अन्याय के बीच संघर्ष को दर्शाया जाएगा। इसकी संवाद प्रधान शैली और प्रभावशाली नाटकीयता के जरिए दर्शकों तक शांति, सद्भाव, नैतिकता और विवेक का संदेश पहुंचाने का प्रयास होगा। आयोजकों का कहना है कि अहंकार और हठ विनाश का कारण बनते हैं, जबकि संवाद और धर्म के मार्ग से शांति एवं न्याय की स्थापना संभव है।इस संबंध में हुई वार्ता के दौरान आचार्य डॉ. प्रदीप नारायण शुक्ला मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]