फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दीपावली के त्योहार को लेकर शहर के बाजारों और प्रमुख मार्गों पर इन दिनों काफी भीड़भाड़ का माहौल है। त्योहार के चलते यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद शहर में जगह-जगह जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। रविवार को भी शहर के कई इलाकों में जाम के चलते राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

आवास विकास क्षेत्र के बढ़पुर में जाम के दौरान रास्ता निकालने को लेकर दो बाइक सवारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिससे सड़क पर जाम और अधिक बढ़ गया। हैरानी की बात यह रही कि मारपीट के दौरान मौके पर कोई पुलिसकर्मी दिखाई नहीं दिया। जाम में फंसे राहगीर पुलिस की यातायात व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए।
वहीं, कुछ दूरी आगे निकलने को लेकर दो कार चालकों के बीच भी गाली-गलौज शुरू हो गई। हालांकि साथ में जा रही महिलाओं ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया। इस तरह जाम के दौरान सड़क पर विवाद की स्थिति भी बनी रही।
गौरतलब है कि दीपावली का त्योहार हर वर्ष मनाया जाता है और इस दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ना भी स्वाभाविक है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए, यह बड़ा सवाल है। एक ओर नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाते हुए पुलिस जगह-जगह जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर शहर की सड़कों पर जाम के दौरान मारपीट और गाली-गलौज की घटनाएं व्यवस्था की पोल खोल रही हैं।
अब देखना यह है कि पुलिस के उच्चाधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कोई ठोस कदम उठाते हैं या फिर फर्रुखाबाद के लोगों को इसी तरह जाम की समस्या से जूझना पड़ेगा।


