जिलाधिकारी ने धान की क्रॉप कटिंग कर परखी उत्पादकता

0
35

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) धान की फसल की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को सदर तहसील के याकूतगंज गांव में क्रॉप कटिंग कराई। इस दौरान उन्होंने खेत में फसल की कटाई से लेकर उपज का वजन कराने तक की प्रक्रिया का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार क्रॉप कटिंग कराने और आंकड़ों का सही अभिलेखीकरण करने के निर्देश दिए।ग्राम याकूतगंज, परगना भोजपुर में गाटा संख्या 1053 पर धान की फसल की कटाई कराकर उत्पादन का आकलन किया गया। निर्धारित क्षेत्रफल में हुई कटाई से प्राप्त धान का वजन कराया गया। अभिलेखों के अनुसार, प्रयोग संख्या-एक में गाटा संख्या 1053 से प्राप्त उपज का वजन 23.985 किलोग्राम दर्ज किया गया। इसके अलावा गाटा संख्या 476 पर प्रयोग संख्या-दो के तहत भी क्रॉप कटिंग कर उपज का आकलन किया गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग कृषि उत्पादन की वास्तविक स्थिति का पता लगाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके माध्यम से फसलों की उत्पादकता के संबंध में आंकड़े जुटाए जाते हैं। इसलिए कटाई प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप कराए जाएं। उपज का वजन सही तरीके से किया जाए और सभी आंकड़ों को अभिलेखों में पारदर्शिता के साथ दर्ज किया जाए, जिससे उत्पादन के सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्रॉप कटिंग प्रयोग गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर, अपर सांख्यिकी अधिकारी, राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी और क्षेत्रीय राजस्व कर्मी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]