सीएम डैशबोर्ड की फीडिंग में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम

0
28

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय योजनाओं की प्रगति की नियमित और सही फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यक्रमों और 50 लाख रुपये या उससे अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि डाटा फीडिंग में लापरवाही से जिले की रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों का विभागीय अभिलेखों से मिलान कर समय से अपडेट करें। सड़क निर्माण में गुणवत्ता की जांच के निर्देश लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा में डीएम ने सड़क निर्माण और मरम्मत में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा। उन्होंने निर्माण स्थलों की गूगल लोकेशन के साथ फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की वास्तविक प्रगति का सत्यापन हो सके। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर निर्धारित मानकों के अनुसार काम पूरा कराने को कहा गया। **पांचाल घाट पर गोवंश और बंदरों की समस्या का समाधान** डीएम ने पांचाल घाट क्षेत्र में निराश्रित गोवंश को पकड़कर गो-आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बंदरों की समस्या के समाधान के लिए भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने जनसामान्य की सुरक्षा और आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। प्रोजेक्ट अलंकार और जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रोजेक्ट अलंकार के लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं, जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों से संबंधित सूचनाओं की पोर्टल पर फीडिंग शीघ्र पूरी कराने तथा आशा और एएनएम के कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा गया, जिससे पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ मिल सके। पूर्ण परियोजनाओं का जल्द हो हस्तांतरण 50 लाख रुपये या उससे अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा में डीएम ने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, उन्हें आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर संबंधित विभागों को जल्द हस्तांतरित किया जाए, ताकि उनका उपयोग जनहित में शुरू हो सके। लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के साथ गुणवत्ता, समयसीमा और उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]