फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं निर्धारित मूल्य पर बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग की टीमों ने मंगलवार को जिले की 30 बीज दुकानों पर छापेमारी कर निरीक्षण किया। इस दौरान 15 बीज नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि बिना सूचना दुकानें बंद कर गायब मिले तीन बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।जिलाधिकारी के आदेश पर जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा के निर्देशन में जिले की विभिन्न तहसीलों में कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की। सदर तहसील में उप कृषि निदेशक एवं सहायक अधिकारियों की टीम, कायमगंज में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए तथा अमृतपुर में जिला कृषि अधिकारी और जिला आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी की टीम ने छापेमारी की।निरीक्षण के दौरान लिए गए 15 बीज नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। नमूनों की जांच में गुणवत्ता मानकों के विपरीत बीज मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त करने सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।जांच के दौरान कायमगंज ब्लॉक के शंकरपुर क्षेत्र में तीन बीज प्रतिष्ठान बिना किसी पूर्व सूचना के दुकानें बंद कर गायब मिले। इनमें मैसर्स प्रिंस कृषि सेवा केंद्र, मैसर्स एग्री जंक्शन तथा मैसर्स आकाश कृषि सेवा केंद्र शामिल हैं। तीनों विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके बीज लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए बीज दुकानों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। सभी विक्रेताओं को स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर दुरुस्त रखने और जिन बीज कंपनियों का माल बेचा जा रहा है, उनके प्राधिकार पत्र तथा लाइसेंस संबंधी अभिलेख उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
फर्रुखाबाद में 30 बीज दुकानों पर छापा, तीन विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



