प्रेम प्रसंग के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने समझाकर उतारा

0
52

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना कादरी गेट क्षेत्र के गांव पापियापुर में मंगलवार शाम प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला सामने आया। यहां 22 वर्षीय आयुष शाक्य पुत्र सुधीर शाक्य मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया और अपने साथ ले गई। जानकारी के अनुसार, पापियापुर निवासी आयुष शाक्य के पिता सिलाई का काम करते हैं। बताया गया कि आयुष का गांव की ही अनुसूचित जाति की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। करीब एक साल पहले वह युवती को अपने साथ ले गया था। उस समय युवती नाबालिग थी, जिसके चलते पुलिस ने युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया था। जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों के बीच प्रेम प्रसंग जारी रहने की बात सामने आई है। बताया गया कि कुछ दिन पहले युवती के परिजनों ने युवक के साथ मारपीट भी की थी। मंगलवार शाम करीब चार बजे आयुष अपने गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर हजारों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।सूचना मिलने पर सीओ सिटी अभय वर्मा, कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को काफी देर तक समझाया-बुझाया, जिसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। सीओ सिटी अभय वर्मा ने जेएनआई को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवक की ओर से मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया गया है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]