ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का डीएम ने किया निरीक्षण

0
20

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को अमृतपुर तहसील के राजेपुर विकासखंड में ग्राम शेराखार कोटिया स्थित एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र और कमालुद्दीनपुर स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति परखी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शेराखार कोटिया स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने तथा उसका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए कचरे का नियमित संग्रहण और उसका उचित प्रबंधन जरूरी है। इसके लिए अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का प्रभावी ढंग से संचालन किया जाए और वहां उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया, जिससे गांवों में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।इसके बाद जिलाधिकारी कमालुद्दीनपुर स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव और पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत सचिवालय को ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनाया जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से समय से उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।जिलाधिकारी ने अधिकारियों और ग्राम पंचायत कर्मचारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]