इलाज के दौरान शिक्षक संजीव त्रिवेदी का निधन, परिजनों और शुभचिंतकों में शोक

0
94

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल भारतीय पाठशाला के शिक्षक संजीव त्रिवेदी (58) का लखनऊ के अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। गुरुवार देर रात उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।संजीव त्रिवेदी पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद त्रिवेदी मूल रूप से कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खुटिया के निवासी थे। वह भारतीय पाठशाला में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में वह आवास विकास कॉलोनी में सपा कार्यालय के पास अपने मकान में पत्नी मधुरिमा के साथ रहते थे। उनका पुत्र प्रियम अमेरिका में रहता है।जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे संजीव त्रिवेदी दूध लेने के लिए घर से निकले थे। मिशन कंपाउंड के पास सड़क पार करते समय फतेहगढ़ की ओर से फर्रुखाबाद जा रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां देर रात करीब दो बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।शिक्षक के निधन से परिवार में मातम छा गया। उनके पार्थिव शरीर को फर्रुखाबाद स्थित आवास विकास कॉलोनी के घर लाए जाने की जानकारी मिली है। उनके निधन की खबर से शिक्षा जगत और परिचितों में भी शोक का माहौल है।संजीव त्रिवेदी के निधन पर भाजपा नेता सुधांशु दत्त द्विवेदी, बसपा नेता अरुण त्रिवेदी, त्रिपुरेस त्रिवेदी, दीपक त्रिवेदी सहित परिजनों और शुभचिंतकों ने शोक व्यक्त किया।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]