फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता )मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया में नाला बघार में नहाने गए 14 वर्षीय छात्र अनिकेत राजपूत की डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अनिकेत को पानी से बाहर निकलवाया। एंबुलेंस से उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।गढ़िया निवासी स्वर्गीय राजीव कुमार का 14 वर्षीय पुत्र अनिकेत राजपूत दोपहर के समय गांव के कई साथियों के साथ नाला बघार में नहाने गया था। सभी युवक ग्राम मानिकपुर के निकट अजमतपुर जाने वाले मार्ग की पुलिया के पास नाला बघार में नहा रहे थे। इसी दौरान अनिकेत अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।अनिकेत को डूबता देख गांव के रामतीर्थ के पुत्र ने उसे बचाने का प्रयास किया। उसने अनिकेत का हाथ पकड़ लिया, लेकिन पानी के तेज बहाव और खिंचाव के कारण हाथ छूट गया। इसके बाद अनिकेत पानी में डूब गया। रामतीर्थ ने घटना की जानकारी अनिकेत के परिजनों को दी। वहीं, अन्य साथी घबराकर मौके से चले गए।परिजनों ने भी मौके पर पहुंचकर अनिकेत की तलाश शुरू की, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वे अंदर जाने का जोखिम नहीं उठा सके। घटना की सूचना मिलने पर मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह ने पांचाल घाट सोता बहादुरपुर से गोताखोरों को बुलाया। थानाध्यक्ष अजब सिंह, मेडिकल चौकी प्रभारी रामकेश यादव घटनास्थल पर पहुंच गए। गोताखोरों ने नदी में उतरकर काफी देर तक तलाश की। खोजबीन के दौरान पुलिया से करीब 50 मीटर दूर जलकुंभी के बीच अनिकेत फंसा मिला। गोताखोरों ने उसे बाहर निकाला। मेडिकल चौकी प्रभारी रामकेश यादव ने एंबुलेंस की मदद से अनिकेत को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मां-बाप का इकलौता बेटा था अनिकेतअनिकेत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बताया गया कि उसके माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है। परिवार में उसकी दादी जीवित हैं और दो बहनें हैं। अनिकेत कक्षा छह में पढ़ता था। इकलौते बेटे की मौत की खबर से दादी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी मातम छा गया। बीजेपी के जिला मंत्री व पाल सेना प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज पाल मौके पर पंहुचे और परिजनों कों सांत्वना दी| चौकी प्रभारी रामकेश ने बताया की बालक के शव कों बरामद कर लिया गया है, शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा|
नाला बघार में डूबने से छात्र की मौत
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



