काली नदी में डूबी वृद्धा लापता, एनडीआरएफ ने शुरू की तलाश

0
39

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में जिले की सीमा के पास काली नदी में डूबने से 67 वर्षीय वृद्धा लापता हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाश शुरू कर दी, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद अभी तक वृद्धा का कोई पता नहीं चल सका है। ग्राम कटिना मानिकपुर निवासी सौदान सिंह की पत्नी 67 वर्षीय गीता देवी बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे घर से चाय-नाश्ता करने के बाद बाहर निकली थीं। बताया गया कि बाद में वह काली नदी के किनारे चली गईं। इसी दौरान अचानक नदी में डूब गईं। वृद्धा के नदी में गिरने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनके पौत्र दीपक और सत्येंद्र ने नदी में उतरकर तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण गीता देवी का कोई सुराग नहीं मिल सका। सूचना पर मोहम्मदाबाद प्रभारी बलराम मिश्रा, पखना चौकी प्रभारी बलवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। टीम नदी में वृद्धा की तलाश कर रही है। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण राहत एवं बचाव दल को तलाश में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समाचार लिखे जाने तक गीता देवी का कोई पता नहीं चल सका था।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]