फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के ढुइयां चुंगी के निकट मूसलाधार बारिश के दौरान नाले में डूबे चार वर्षीय बालक का शव रविवार सुबह करीब आठ बजे घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर खेत की मेड़ के बीच पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। बालक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया गया है। ढुइयां चुंगी के निकट रहने वाले आकाश शाक्य का चार वर्षीय पुत्र देवांश शनिवार शाम करीब चार बजे घर के बाहर पेशाब करने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह मकान के सामने से निकल रहे नाले में जा गिरा। उस समय तेज बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव
काफी तेज था, जिससे बालक पानी में बह गया। कुछ देर बाद जब परिजनों को देवांश घर में नहीं मिला तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नाले में बालक के बह जाने की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर मऊदरवाजा थाना पुलिस के साथ सीओ सिटी अभय वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंचे। बालक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को लगाया गया। पुलिस, एनडीआरएफ टीम और ग्रामीण देर रात तक नाले के आसपास बालक की तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। रविवार सुबह करीब आठ बजे कर्बला के निकट ग्राम भोपत नगला निवासी सुधाकर शाक्य के खेत में मेड़ के बीच देवांश का शव पड़ा मिला। बताया गया कि तेज बहाव के कारण शव नाले के रास्ते पुलिया के नीचे से होते हुए दूसरी ओर चला गया। बारिश और तेज पानी के बहाव से खेत की खाई कटने के कारण शव बहता हुआ गोभी की फसल वाले खेत तक पहुंच गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। देवांश का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद गांव और मोहल्ले में भी मातम का माहौल रहा। मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि बालक के शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
नाले में डूबे चार वर्षीय बालक का शव खेत में मिला, परिवार में मचा कोहराम
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



