गणेश पंडाल में शिव महिमा पर मार्मिक नाटक ने मोहा मन

0
39

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के मोहल्ला राय दीपचंद स्थित श्री रंगेश्वर महादेव गणेश पंडाल में गणेश उत्सव के दौरान भगवान शिव की महिमा पर आधारित मार्मिक नाटक का मंचन किया गया। ॐ त्रिशूली आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने शिव-सती वियोग, शिव-पार्वती विवाह तथा कांवड़ यात्रा से जुड़ी धार्मिक कथाओं का भावपूर्ण मंचन कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।नाटक में कांवड़ लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने जा रहे एक भक्त की गंगा में डूबने की घटना को दर्शाया गया। पति के डूबने की खबर से उसकी पत्नी विलाप करने लगती है और दुख में भगवान शिव को भी बुरा-भला कहती है। इसी दौरान वहां पहुंचे एक ऋषि उसे भगवान शिव की आराधना करने तथा उनसे अपने कष्ट दूर करने की प्रार्थना करने की सलाह देते हैं।ऋषि की बात मानकर महिला भगवान शिव से प्रार्थना करती है। कथा के अनुसार कुछ समय बाद उसका पति जीवित होकर वापस लौट आता है। इसके बाद भगवान शिव और माता पार्वती उसे दर्शन देते हैं और कांवड़ चढ़ाने का संकल्प पूरा करने के लिए प्रेरित करते हैं। पति-पत्नी प्रसन्न होकर हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए कांवड़ चढ़ाने के लिए रवाना हो जाते हैं।कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय और धार्मिक प्रसंगों के मंचन ने पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। नाटक के दौरान भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के अंत में भगवान गणेश की भव्य आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।इस अवसर पर नरेंद्र पांडे, अनुज शुक्ला, वैभव मिश्रा, विकास अवस्थी, यश अरोरा, सौरभ शुक्ला, नमन पांडे, शांतनु भारद्वाज, रामू पांडे, रमा पांडे, मधु मिश्रा, रचना शुक्ला, शालिनी शुक्ला, बंदना, रेखा तथा पंडाल आचार्य शरद मिश्रा उर्फ सोनू पंडित सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]