बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए आईएमए व रेड क्रॉस ने 500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, मुफ्त दवाएं

0
28

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बाढ़ की विभीषिका के बीच पीड़ितों की मदद के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) और रेड क्रॉस सोसाइटी ने राहत का हाथ बढ़ाया है। रविवार को राजेपुर क्षेत्र के इमादपुर सोमवंशी तिराहे पर दोनों संगठनों की ओर से संयुक्त रूप से राहत एवं स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में 500 से अधिक बाढ़ प्रभावित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयों के साथ बिस्कुट और फल भी वितरित किए गए।आईएमए की अध्यक्ष डॉ. कविता शर्मा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में चिकित्सकों ने बाढ़ प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की। साथ ही बाढ़ के दौरान होने वाली बीमारियों से बचाव, साफ-सफाई, खानपान और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।डॉ. कविता शर्मा ने कहा कि जिले के बाढ़ पीड़ितों की मदद करना हम सभी का कर्तव्य है। संकट की इस घड़ी में पीड़ितों तक समय से चिकित्सा सुविधा पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं राहत शिविरों का सिलसिला आगे भी जारी रखा जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े।शिविर में डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, शीश मेहरोत्रा और डॉ. प्रतिभा ने मरीजों का परीक्षण कर अपनी सेवाएं दीं। वहीं आईएमए के सचिव डॉ. इमरान अली ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संगठन पूरी तरह सक्रिय है। आपदा के समय आईएमए और रेड क्रॉस का यह संयुक्त प्रयास बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार आगे भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।आयोजन के दौरान चिकित्सकों एवं संगठन के प्रतिनिधियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए। शिविर के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी चिकित्सकों और प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]