फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के निर्देश पर फर्रुखाबाद जनपद में जिलाध्यक्ष को छोड़कर जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। इसके साथ ही महानगर अध्यक्ष, महानगर कार्यकारिणी तथा फ्रन्टल संगठनों के समस्त जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्यों को भी तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है।जारी निर्देश के अनुसार फर्रुखाबाद की समाजवादी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी से जुड़े समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य तथा सभी फ्रन्टल संगठनों की प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्यों की जिम्मेदारियां भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। पार्टी के इस
फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने और चुनावी रणनीति के अनुरूप जिम्मेदारियां तय करने की कवायद के तौर पर इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पार्टी संगठन में नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर चुनावी तैयारियों को गति दे सकती है।जिलाध्यक्ष को कार्यमुक्त न किए जाने से यह भी स्पष्ट है कि जिले में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी फिलहाल जिलाध्यक्ष के पास ही रहेगी। अब नई जिला व महानगर कार्यकारिणी के गठन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की निगाहें नेतृत्व के अगले निर्णय पर टिकी हैं। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने बताया की विधान सभा चुनाव कों देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने जिला कमेटी कों भंग किया है | आगे का गठन नेतृत्व के निर्देश पर होगा |
a



