प्रेमी के साथ रहने की जिद पर पेट्रोल छिड़ककर थाने पहुंची युवती, महिला सिपाही की सतर्कता से बची जान

0
13

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के दाउदपुर नगला बाग निवासी कप्तान सिंह का 20 वर्षीय पुत्र प्रियांशु पाल फरीदाबाद में नौकरी करता था। करीब तीन वर्ष पूर्व वहीं उसकी मुलाकात झारखंड के भरमनिया गांव निवासी सुनीता से हुई थी। सुनीता के अनुसार, मुलाकात के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए और दोनों साथ रहने लगे। बाद में दोनों नोएडा के बहलोलपुर में रहने लगे।बताया गया कि इस दौरान सुनीता कई बार प्रियांशु के साथ दाउदपुर भी आई थी। करीब छह दिन पूर्व प्रियांशु सुनीता को छोड़कर चला गया। प्रियांशु की तलाश करते हुए सुनीता दाउदपुर पहुंची, लेकिन प्रियांशु के पिता ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया। इस मामले को लेकर सुनीता ने थाने में शिकायत भी की, लेकिन उसके अनुसार सुनवाई नहीं हुई।बुधवार शाम करीब 5:30 बजे सुनीता प्रियांशु के साथ थाना मोहम्मदाबाद पहुंची। वहां प्रियांशु ने उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया। इसके बाद सुनीता थाने के बाहर चली गई और कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर महिला हेल्प डेस्क पहुंची। उसने महिला सिपाहियों से माचिस मांगी।पेट्रोल की तेज बदबू से महिला सिपाही सतर्क हो गईं और तत्काल सुनीता पर पानी डालकर उसे सुरक्षित किया। इसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले जाया गया।निरीक्षक धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। पेट्रोल किसने उपलब्ध कराया, इसकी भी जांच की जा रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]