फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गंगा दरवाजा स्थित शिव मंदिर के पास शनिवार सुबह 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। करंट की चपेट में आने से गंगा स्नान के लिए जा रहे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई,
जबकि दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है।जानकारी के अनुसार अवधेश प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। रास्ते में शिव मंदिर के पास भगवान को प्रणाम करने के लिए वह रुके। इसी दौरान जमीन पर टूटकर पड़े 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बृजेंद्र और सुरजीत पुत्र सोनेलाल निवासी गंगा दरवाजा भी करंट की चपेट में आकर गंभीर
रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटनास्थल के पास बिजली विभाग के दो ट्रांसफार्मर खुले में लगे हैं। ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की जाली क्षतिग्रस्त है। वहीं खुले विद्युत बॉक्स में नंगे तार दिखाई दे रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।लोगों के मुताबिक घटनास्थल के समीप सैकड़ों वर्ष पुराना शिव मंदिर है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु पूजा-पाठ व भजन-कीर्तन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में खुले तार और असुरक्षित ट्रांसफार्मर लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं।स्थानीय लोगों ने मांग की कि मंदिर और आवागमन वाले रास्ते के समीप लगे ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए तथा खुले विद्युत बॉक्स और क्षतिग्रस्त सुरक्षा जालियों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। लोगों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बाद भी बिजली विभाग के कर्मचारी समय से मौके पर नहीं पहुंचे। कई बार लाइनमैन और अधिकारियों को फोन किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया।हादसे के कई घंटे बाद तक मौके पर मृतक की साइकिल, चप्पल और अन्य सामान पड़ा रहा। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है।स्थानीय अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही लाइन को चालू कराया जाएगा।
टूटे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, दो घायल
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



