जलभराव से काशीराम कॉलोनी बेहाल, पेयजल संकट भी गहराया

0
87

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के हैबतपुर गढ़िया स्थित काशीराम कॉलोनी में लगातार जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हल्की बारिश के बाद ही कॉलोनी की अधिकांश सड़कें और गलियां पानी से लबालब हो गईं और कई आवासों तक पानी पहुंच गया। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैंडपंप डूबे, पेयजल का संकट जलभराव के चलते कॉलोनी में लगे अधिकांश हैंडपंप पानी में डूब गए हैं। इससे पेयजल संकट गहराने लगा है। नगर पालिका की ओर से पानी उपलब्ध कराने के लिए टैंकर खड़ा कराया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि टैंकर कॉलोनी से करीब 200 मीटर दूर खड़ा किया गया है। ऐसे में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पानी लाने के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि टैंकर के पानी का कुछ लोग निजी कार्यों और पशुओं के लिए भी इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं कॉलोनी की टंकी से पेयजल आपूर्ति भी दिन में केवल एक बार होने की बात कही जा रही है। इससे जलभराव के बीच लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। नालियां चोक, घरों तक पहुंच रहा गंदा पानी कॉलोनी में नियमित सफाई न होने से कई नालियां चोक पड़ी हैं। जल निकासी बाधित होने के कारण बारिश और बाढ़ का पानी सड़कों से होते हुए घरों तक पहुंच रहा है। जगह-जगह गंदगी और दुर्गंध के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि गंदे पानी के चलते बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। तीन दिन से हालात खराब, नहीं पहुंचे जनप्रतिनिधि स्थानीय लोगों के अनुसार काशीराम कॉलोनी में करीब 1296 आवास हैं। पिछले तीन दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है, लेकिन अभी तक कोई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने नहीं आया। इससे लोगों में नाराजगी है। निवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल जल निकासी, नालियों की सफाई, टैंकर को कॉलोनी के भीतर पहुंचाने तथा नियमित पेयजल आपूर्ति की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जलस्तर और बढ़ा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन को तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक राहत एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]