गोवा से लौटे युवक का शव हाई-वे किनारे मिलने से सनसनी

0
88

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) गोवा से घर लौट रहे एक युवक का शव इटावा-बरेली हाईवे किनारे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना कमालगंज क्षेत्र के गांव अलाउद्दीनपुर निवासी 40 वर्षीय नफीस पुत्र गफरुद्दीन अपने रिश्तेदार के भाई निजामुद्दीन पुत्र सलाउद्दीन के साथ 10 जुलाई 2026 को रोजगार की तलाश में गोवा गए थे। वहां काम नहीं मिलने पर दोनों ने एक कबाड़ की दुकान पर काम शुरू किया, लेकिन नफीस का मन वहां नहीं लगा। इसके बाद दोनों 1 अगस्त को ट्रेन से आगरा पहुंचे और वहां से रोडवेज बस के जरिए शिकोहाबाद होते हुए घर लौट रहे थे।बताया गया है कि बेवर बस अड्डे पर पहुंचने के बाद नफीस ने निजामुद्दीन से खाने का सामान लाने के लिए कहा और खुद दाढ़ी बनवाने के लिए एक सैलून पर चले गए। कुछ देर बाद जब निजामुद्दीन वापस लौटे तो नफीस वहां नहीं मिले। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।निजामुद्दीन ने इसकी जानकारी नफीस के भाई गुड्डू को दी। परिजनों के अनुसार, बाद में पता चला कि नफीस का कुछ दुकानदारों से विवाद हो गया था। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला।परिजनों ने बेवर थाने और आसपास की पुलिस चौकियों में गुमशुदगी दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। बुधवार को नफीस के भांजे मोहम्मद हसीन और तस्लीम ने इटावा-बरेली हाईवे पर एक ईंट-भट्ठे के पास खोजबीन की तो वहां नफीस का शव पड़ा मिला। इसके बाद डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलने पर मदनपुर चौकी प्रभारी जयवीर सिंह, मोहम्मदाबाद कोतवाली प्रभारी अमोद सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।मृतक अपने पीछे पत्नी किस्मत तारा, दो पुत्र, एक पुत्री और भाई गुड्डू समेत भरे-पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]