‘छोटे लोहिया’ की जयंती पर सपा नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना

0
31

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय, आवास विकास में पूर्व केंद्रीय मंत्री और समाजवादी विचारक पंडित जनेश्वर मिश्र की जयंती पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने की। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित जनेश्वर मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन तथा विचारों को याद किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पंडित जनेश्वर मिश्र के सिद्धांत समाजवादी पार्टी की बुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि पंडित जनेश्वर मिश्र एक दूरदर्शी और संघर्षशील नेता थे, जिनके विचार आज भी समाजवादियों को प्रेरणा देते हैं।
पूर्व मंत्री रामसेवक सिंह यादव ने कहा कि पंडित जनेश्वर मिश्र ने अपने संघर्ष और कार्यशैली के बल पर राजनीति में एक अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने कहा कि समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
पूर्व महानगर अध्यक्ष सरल दुबे ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लखनऊ में पंडित जनेश्वर मिश्र की स्मृति में एक भव्य पार्क का निर्माण कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने उनकी जयंती के अवसर पर पार्क में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी, जिसका पार्टी विरोध करती है।
पार्टी प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री रामसेवक यादव ने सरल दुबे सहित पांच ब्राह्मण समाज के लोगों को शॉल ओढ़ाकर और भगवान परशुराम की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव और जिला महासचिव इलियास मंसूरी को भी कार्यकर्ताओं ने सम्मानित किया।
जिला सचिव धीरज मिश्रा, शैलेश अवस्थी, रवि पाण्डेय, अफजल फारुकी, राजपाल यादव, चांद मोहम्मद खां, उदय प्रताप सिंह, अरविंद कश्यप, इजहार खां, रामपाल सिंह यादव, शिवशंकर शर्मा, रुकमंगल सिंह यादव, सतीश चौहान, अंश दुबे, सचिन दुबे, नौशाद अली, अर्चित शर्मा, शिवम पटेल, प्रमोद कुमार यादव रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]