फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पांचाल घाट मसेनी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट रविवार को दिनदहाड़े प्लाटिंग कारोबारी की पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। सरेआम हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, हरियाणा के जनपद फरीदाबाद के थाना चंदावली क्षेत्र के दयालपुर निवासी सुरेंद्र सिंह के 32 वर्षीय पुत्र अरुण सिंह अपनी पत्नी राखी और दो वर्षीय पुत्र जयंत के साथ कार से यात्रा पर निकले थे। रास्ते में मसेनी रोड स्थित एक किराना स्टोर पर अरुण कोल्ड ड्रिंक और बच्चे के लिए चॉकलेट लेने रुके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान उनका पीछा करते हुए सफेद रंग की कार से आए दो युवक दुकान के पास पहुंचे और अरुण सिंह के सिर में बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ दो गोलियां मार दीं। गोली लगते ही अरुण दुकान के बाहर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर कार से मसेनी चौराहे की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा तथा थाना कादरीगेट पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल अरुण सिंह को 108 एंबुलेंस से सुबह करीब 9:30 बजे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक की पत्नी राखी भी अस्पताल पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच में जुटी है।
प्लाटिंग कारोबारी की पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या, सिर में दो गोली मारकर फरार हुए हमलावर
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]


