ब्राह्मण समाज को संगठित होने की जरूरत:पंडित राजेंद्र नाथ त्रिपाठी

0
56

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) फर्रुखाबाद पहुंचे अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राजेंद्र नाथ त्रिपाठी ने रबेवर रोड फतेहगढ़ के कार्यक्रम में मीडिया से वार्ता की,उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज उपेक्षा और तिरस्कार का सामना कर रहा है समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा, यदि ब्राह्मण समाज एकजुट हो जाए तो कोई भी उसका अहित नहीं कर सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ब्राह्मणों के साथ बेरुखी का व्यवहार कर रही है और आज ब्राह्मण अपने ही घर में किराएदार जैसा महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में ब्राह्मण समाज के बीच जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अब तक 10 जिलों का दौरा पूरा हो चुका है। साथ ही उन्होंने बताया कि 138 ब्राह्मण संगठनों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।यूजीसी कानून से जुड़े एक सवाल के जवाब में पंडित त्रिपाठी ने कहा कि सरकार इस तरह के कानून लाकर समाज में तनाव बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पहले सवर्णों की पार्टी मानी जाती थी, लेकिन अब पार्टी में ब्राह्मणों और सनातन परंपरा का सम्मान नहीं हो रहा है।उन्होंने कहा कि पिछले 27 वर्षों से वह संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। उन्हें इस बात का दुख है कि अभी तक सभी ब्राह्मणों को एक मंच पर पूरी तरह से नहीं जोड़ा जा सका है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए ब्राह्मण समाज की ओर से चौंकाने वाला फैसला देखने को मिल सकता है। साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से जुड़े ब्राह्मणों से समाजहित और जनहित में एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।इस दौरान संजीव चतुर्वेदी, राजीव पाठक, मृदुल चतुर्वेदी , अखिलेश पांडे , दुर्गेश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।इस अवसर पर संगठनात्मक नियुक्तियों की भी घोषणा की गई। वंश वाजपेयी को अखिल भारतीय ब्राह्मण संघ का प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया, जबकि संजीव चतुर्वेदी को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]