श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सतर्क

0
57

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़भाड़ वाले दिनों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू किया जाए तथा इसकी सूचना समय रहते आमजन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने गंगा घाट पर नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गंगा घाटों पर पर्याप्त संख्या में अग्निशामक यंत्र उपलब्ध कराने, विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के लिए बिजली के पोलों को सुरक्षित ढंग से पॉलीथिन से कवर कराने तथा विद्युत लाइनों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही घाटों पर चिकित्सकों, चिकित्सा टीम, एंबुलेंस एवं आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गंगा घाट पर बने पुल का नियमित निरीक्षण एवं आवश्यक रखरखाव कराने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।बैठक में अधिकारियों ने बताया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार तथा महाशिवरात्रि के अवसर पर जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों से गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ स्थित भगवान शिव के शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए प्रस्थान करते हैं। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]