रोडवेज बस स्टॉप पर संदिग्ध परिस्थितियों में 19 वर्षीय युवक की मौत, खून की उल्टी के बाद तोड़ा दम

0
405

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) गुरुवार सुबह फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टॉप पर एक 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने और खून की उल्टी होने के बाद उसकी मौत से बस स्टॉप पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, मृतक 19 वर्षीय मनीष पुत्र शिवरतन सिंह अपने दो साथियों सुंदरम पुत्र प्रमोद कुमार सिंह निवासी गोरी फराना, थाना गुरसहायगंज, जनपद कन्नौज तथा सनी पुत्र जयपाल निवासी बंदीजोर, जनपद हरदोई के साथ हरियाणा के पानीपत से नौकरी करके अपने-अपने घर लौट रहा था। बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे तीनों फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टॉप से कानपुर जाने वाली बस में सवार हुए। इसी दौरान मनीष की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे खून की उल्टी होने लगी। साथी तत्काल उसे बस से उतारकर अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन बस से उतरते ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना साथियों ने मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों को दी। सूचना मिलते ही परिजन चार पहिया वाहन से मौके पर पहुंचे और शव को अपने साथ घर ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रोडवेज बस स्टॉप के समीप पुलिस चौकी होने के बावजूद सूचना मिलने के काफी देर बाद तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। उनके अनुसार, युवक का शव लगभग आधे घंटे तक रोडवेज इंक्वायरी कार्यालय के पास पड़ा रहा, जिसके बाद परिजन उसे अपने साथ ले गए। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। यदि पोस्टमार्टम या चिकित्सकीय जांच कराई जाती है, तो उसी के आधार पर मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]