फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के उद्देश्य से माइक्रो मैनेजमेंट की रणनीति पर काम कर रही है। इसी क्रम में भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में सेक्टर स्तरीय बैठकों का आयोजन किया गया। अभियान की शुरुआत सेक्टर संख्या-7 खिमसेपुर से की गई। इसके बाद खिमसेपुर, महोई, जाजपुर बंजारा और मोहम्मदाबाद समेत चार सेक्टरों में बैठकों के माध्यम से बूथ अध्यक्षों और पदाधिकारियों से संवाद कर आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी की नीतियों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में सक्रिय लोगों को ही जिम्मेदारी मिलेगी तथा निष्क्रिय पदाधिकारियों के स्थान पर नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा। पूर्व मंत्री रामसेवक सिंह यादव ने मोहम्मदाबाद सेक्टर की बैठक में बूथों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम तैयार करना पार्टी की प्राथमिकता है। पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह पार्टी के साथ पूरी निष्ठा से जुड़ी हैं और संगठन द्वारा जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी उसका पूरी प्रतिबद्धता से निर्वहन करेंगी। जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया, जबकि वरिष्ठ नेता डॉ. जेपी वर्मा ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के सामाजिक समीकरण को मजबूत करने पर बल दिया।जिला मीडिया प्रभारी राधेश्याम सविता, भोजपुर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव नें भी विचार रखे| पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अमित यादव, ब्लॉक अध्यक्ष अजब सिंह शाक्य, नगर अध्यक्ष पवन गौतम, मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में सेक्टर प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधान सभा चुनाव की तैयारी में सपा, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने में जुटी
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



