संदिग्ध समझ पिकअप चालक पर ग्रामीणों ने की फायरिंग, पुलिस ने शुरू की जांच

0
55

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के कुइयां गांव में शुक्रवार देर रात संदिग्ध गतिविधि के शक में ग्रामीणों ने एक पिकअप चालक पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पिकअप चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, छिबरामऊ से शाहजहांपुर जा रही मूंगफली से लदी एक पिकअप का मंडी समिति की टीम पीछा कर रही थी। शुक्रवार रात करीब दो बजे चालक ने कुइयां गांव के चक मार्ग पर वाहन खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद मंडी समिति की गाड़ी भी वहां पहुंच गई। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने वहां मौजूद लोगों को आवाज लगाई, लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। इससे उन्हें संदेह हुआ कि कहीं चोर या बदमाश तो नहीं हैं। इसी आशंका में ग्रामीणों ने करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही मंडी समिति की गाड़ी वहां से निकल गई। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पूर्व इसी गांव में राजेश पाठक के घर बदमाशों के घुसने की घटना हुई थी। इसके बाद से उनके घर पर पुलिसकर्मियों की सुरक्षा ड्यूटी लगाई गई थी। घटना के समय पुलिसकर्मी भी गांव में मौजूद थे। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मूंगफली से भरी पिकअप के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने वाहन चालकों को संदिग्ध समझकर फायरिंग की थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]