महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया मारपीट का आरोप

0
274

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र के पूरनपुर जिठोली गांव में गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पूरनपुर जिठोली निवासी 25 वर्षीय सरिता, पत्नी सचिन, की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। ससुराल पक्ष उन्हें उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सरिता आठ माह की गर्भवती थीं और यह उनकी पहली संतान थी। उनकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। घटना की सूचना पर राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक अरविंद अवस्थी ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता रघुवीर, निवासी ग्राम ललुआमई, थाना टड़ियावां (जनपद हरदोई), ने राजेपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ ससुराल पक्ष ने गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]