पुराने कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर विवाद, पुलिस ने समझाइश देकर लौटाया

0
53

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) :शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गणेश प्रसाद स्थित एक पुराने कब्रिस्तान में शुक्रवार को शव दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। विरोध के चलते शव को वहां दफनाने की अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद परिजन शव लेकर वापस लौट गए| जानकारी के अनुसार, मोहल्ला खटकपुरा निवासी एक महिला का निधन हो गया था। परिजन और अन्य लोग महिला के शव को दफनाने के लिए गणेश प्रसाद स्थित पुराने कब्रिस्तान पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने यह कहते हुए विरोध जताया कि उक्त कब्रिस्तान में वर्षों से किसी भी शव को दफन नहीं किया गया है। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। सूचना मिलते ही घोड़ा नखास चौकी प्रभारी इमरान फरीद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और विवाद को बढ़ने नहीं दिया। इसके बाद शव को उस कब्रिस्तान में दफनाने की अनुमति नहीं दी गई और परिजन शव को लेकर वापस लौट गए| घोड़ा नखास चौकी प्रभारी इमरान फरीद ने बताया कि संबंधित कब्रिस्तान काफी पुराना है और वहां अब शव दफन नहीं किए जाते हैं। इसी वजह से स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। उन्होंने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]