फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए लगाए गए लाल गेट और फतेहगढ़ के मिलिट्री चौराहे के ट्रैफिक सिग्नल पिछले छह दिनों से बंद पड़े हैं। सिग्नल लाइटें ठप होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौराहों पर सिग्नल नहीं चलने से यातायात अव्यवस्थित हो रहा है और हादसों की आशंका भी बढ़ गई है। सिग्नल बंद होने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के भरोसे चल रही है। भीषण गर्मी के बीच पुलिसकर्मी घंटों चौराहों पर खड़े होकर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने में जुटे हैं। यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सिग्नल लाइटें खराब होने की सूचना तत्काल नगर पालिका को दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सिग्नलों का रखरखाव नगर पालिका के जिम्मे है, लेकिन सूचना के बावजूद अब तक उन्हें दुरुस्त नहीं कराया गया है, जिससे पुलिसकर्मियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ गया है। वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण तकनीकी खराबी आने से दोनों चौराहों के सिग्नल बंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी टीम को मरम्मत के निर्देश दिए जा चुके हैं और जल्द ही सिग्नल लाइटों को ठीक कर दोबारा चालू कर दिया जाएगा। फिलहाल शहरवासियों को सिग्नल चालू होने का इंतजार है, ताकि चौराहों पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके और पुलिसकर्मियों को भी राहत मिल सके।
6 दिन से बंद ट्रैफिक सिग्नल, चौराहों पर गर्मी में यातायात संभाल रहे पुलिसकर्मी
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



