ट्रॉली पर तिरपाल डाल रहे किसान को पिकअप ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत

0
255

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र के नगला घाघ (विलालपुर) निवासी 73 वर्षीय किसान राजाराम की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने बेटे के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से मक्का लेकर जलालाबाद मंडी जा रहे थे। शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में बूंदाबांदी शुरू होने पर उन्होंने सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर दी और मक्का को भीगने से बचाने के लिए उस पर तिरपाल डालने लगे। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजाराम कई फीट दूर जा गिरे और उनका एक पैर बुरी तरह कुचल गया। गंभीर रूप से घायल किसान को उनका बेटा सुरजीत तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह करीब छह बजे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे सुरजीत ने बताया कि मक्का की फसल बटाई पर की थी और उसे बेचने के लिए जलालाबाद मंडी जा रहे थे। रास्ते में बारिश शुरू होने पर तिरपाल डालते समय यह हादसा हो गया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]