फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय के ब्लड बैंक में बिचौलियों की सक्रियता, रक्त उपलब्ध कराने के नाम पर अवैध वसूली और संचालन में अनियमितताओं की शिकायतों को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश देते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित करने को कहा है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में रक्त उपलब्ध कराने के नाम पर अवैध वसूली, दलालों की संलिप्तता या किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय और विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों का किसी भी स्तर पर शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच समिति ब्लड बैंक प्रभारी, चिकित्सकों, लैब तकनीशियनों, कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों तथा आवश्यकतानुसार मरीजों और तीमारदारों के बयान दर्ज करेगी। साथ ही पिछले तीन माह के रक्तदाता पंजीकरण, रक्त निर्गमन, रिप्लेसमेंट डोनर, स्टॉक सहित सभी अभिलेखों का मिलान कर सत्यापन किया जाएगा। डीएम ने ब्लड बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच, बाहरी व अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक तथा प्रवेश-निकास का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा ब्लड बैंक के बाहर सूचना पट्ट लगाकर लोगों को जागरूक करने को कहा गया है कि रक्त दिलाने के नाम पर किसी को कोई धनराशि न दें और ऐसी मांग होने पर तुरंत अस्पताल प्रशासन या हेल्पलाइन पर शिकायत करें। उन्होंने निर्देश दिए कि रक्त प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की व्यवस्था के अनुसार निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाए। ब्लड बैंक के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से यह घोषणा-पत्र भी लिया जाएगा कि उनका किसी दलाल या अनधिकृत व्यक्ति से प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को तीन दिन के भीतर बिंदुवार जांच रिपोर्ट, दोषियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई तथा ब्लड बैंक व्यवस्था में किए गए सुधारों की फोटोग्राफ सहित अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दोहराया कि जनहित से जुड़े ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
ब्लड बैंक में दलाली और अवैध वसूली के आरोपों पर डीएम सख्त, तीन दिन में मांगी जांच रिपोर्ट
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



