फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिचपुरिया कड़क्का में एक नवजात के असामान्य चेहरे के साथ जन्म लेने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। नवजात की तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया।जानकारी के अनुसार ग्राम बिचपुरिया कड़क्का निवासी राजीव वर्मा पुत्र सुरेश वर्मा की पत्नी ने चार-पांच दिन पहले पुत्र को जन्म दिया। जन्म के समय ही बच्चे के चेहरे में जन्मजात असामान्यता दिखाई दी। इसकी जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों के लोग नवजात को देखने के लिए पहुंचने लगे। परिजनों के अनुसार जन्म के दो दिन बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। राजेपुर सीएचसी के प्रभारी डॉ. परमीत राजपूत ने बताया कि नवजात के चेहरे में जन्मजात विकृति थी, इसलिए उसे विशेषज्ञ उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। वहीं बच्चे के पिता राजीव वर्मा ने बताया कि लोहिया अस्पताल में उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को घर भेज दिया है। फिलहाल नवजात घर पर है और परिवार उसकी देखभाल कर रहा है। परिवार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बच्चे की निजता का सम्मान करें।
असामान्य चेहरे वाले नवजात के जन्म से क्षेत्र में कौतूहल
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



