खेत में पेड़ से लटका मिला लापता युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

0
411

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) कमालगंज थाना क्षेत्र के कतरौली पट्टी के निकट शुक्रवार सुबह खेत में एक पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान हरदोई जनपद के अरवल शेरपुर नगरिया निवासी राजू पुत्र राम सिंह के रूप में हुई, जो अपनी बहनोई राजेश पुत्र मेवाराम के घर अखमेलपुर कमालगंज आया हुआ था और 30 जून से लापता बताया जा रहा था। घटना की सूचना पर कमालगंज थाना पुलिस, खुदागंज चौकी पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव कई दिन पुराना होने के कारण काफी क्षत-विक्षत अवस्था में था। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से शव को पेड़ से नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।पुलिस युवक के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को गंभीरता से खंगाल रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]