सीएचसी का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के दिए निर्देश

0
28

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गुरुवार को अमृतपुर तहसील स्थित राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों व कर्मचारियों की उपस्थिति, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई, आपातकालीन सेवाओं तथा अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशीलता के साथ उपचार सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन शासन की मंशा के अनुरूप करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित रहने या कार्य में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को सरकारी अस्पतालों में बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिलें। इसके लिए सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]