बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : डीएम

0
49

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक जरूरतमंद तक समय पर राहत सामग्री पहुंचे और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।बुधवार को पूर्व मानसून तैनाती के तहत गंगा पार स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में एनडीआरएफ की ओर से आपदा प्रबंधन एवं जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) विषय पर विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि संवेदनशील तटबंधों और जलस्तर की लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने सिंचाई, राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगर पंचायत समेत सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही नाव, मोटरबोट, गोताखोर एवं अन्य बचाव संसाधनों को पूरी तरह तैयार रखने तथा जहां आवागमन बाधित हो, वहां वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों या नियंत्रण कक्ष को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ टीम ने प्रतिभागियों को रक्तस्राव नियंत्रण, स्प्लिंटिंग, सीपीआर, श्वासनली अवरोध से निपटने की तकनीक, आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन निकासी, बाढ़ के दौरान उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी उपकरण तैयार करने तथा प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी। टीम ने इन सभी तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया, जिससे विद्यार्थियों ने आपदा के समय स्वयं एवं अन्य लोगों की सहायता करने के महत्वपूर्ण कौशल सीखे।इसके बाद जिलाधिकारी ने गंगा और रामगंगा नदी के किनारे स्थित बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृतपुर तहसील के ग्राम अलहारपुर भटौली, कड़क्का बंदी तथा पांचाल घाट पहुंचकर एनडीआरएफ टीम की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि आपात स्थिति में 8 से 10 कार्मिकों की तैनाती बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के आसपास रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। इस दौरान एनडीआरएफ टीम ने मॉक ड्रिल का प्रदर्शन भी किया।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह तथा उपजिलाधिकारी अमृतपुर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

[adrotate banner="3"]


[adrotate banner="2"]