बारिश की आहट से सहमे किसान, मक्का की तैयार फसल पर मौसम का खतरा

0
318

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) क्षेत्र में लगातार बदल रहे मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार देर रात हुई तेज बारिश के बाद बुधवार को भी आसमान में घने काले बादल छाए रहे। बारिश की आशंका के चलते मक्का उत्पादक किसान दिनभर अपनी फसल बचाने की जद्दोजहद में लगे रहे। बताया गया कि कई किसानों ने बटाई पर खेती कर मक्का की फसल तैयार की थी। कटाई के बाद दानों को सुखाने के लिए अमृतपुर स्थित दयानंद इंटर कॉलेज के मैदान में फैलाया गया था। लेकिन मंगलवार रात अचानक हुई मूसलाधार बारिश के कारण किसानों को रात में ही मक्का समेटनी पड़ी। बुधवार सुबह मौसम खुलता दिखाई देने पर किसानों ने दोबारा मक्का सुखाने के लिए फैलाई, लेकिन कुछ ही देर बाद फिर आसमान में काले बादल छा गए। बारिश की संभावना को देखते हुए किसान जल्दबाजी में फसल समेटने में जुट गए। किसानों का कहना है कि यदि मक्का बार-बार भीगती रही तो उसमें नमी बढ़ जाएगी, जिससे दानों का रंग खराब होने के साथ गुणवत्ता भी प्रभावित होगी। ऐसी स्थिति में व्यापारियों से उचित मूल्य मिलना मुश्किल हो जाएगा और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। गोविन्द, राना, बब्लू, रामरतन, धनीराम, रहीस, बलराम, नंदकिशोर, रामनाथ, देवेंद्र, गुड्डू और सर्वेश सहित कई किसानों ने बताया कि इस साल आलू की फसल में पहले ही नुकसान झेलना पड़ा है। अब मक्का की तैयार उपज पर मौसम की मार पड़ने से उनकी चिंता और बढ़ गई है। किसानों ने प्रशासन से भी मौसम की स्थिति पर समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराने और जरूरत पड़ने पर सहायता देने की मांग की है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]