फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) कमालगंज थाना पुलिस ने हत्या के एक वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज भेजा गया। पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कल्लू नगला निवासी अवधेश और वीनेश पुत्र रामभरोसे के विरुद्ध सोनेलाल की हत्या कर शव रास्ते में फेंकने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई थी। मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य संकलित किए। तहरीर के आधार पर थाना कमालगंज में मुकदमा दर्ज किया गया।बुधवार को थाना कमालगंज पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी वीनेश क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वीनेश के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया है। मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, हत्या के मामले में भी आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
हत्या के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



