ओवरटेक को लेकर ट्रक चालक पर हमला, हाईवे पर हंगामा, ट्रक के शीशे क्षतिग्रस्त

0
40

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर सोमवार को ओवरटेक को लेकर ट्रक चालक और बारातियों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि कुछ बारातियों ने ट्रक को रुकवाकर चालक के साथ मारपीट कर दी और ट्रक पर पथराव कर उसके आगे के शीशे तोड़ दिए।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद से शाहाबाद जा रही एक निजी बस में बाराती सवार थे। जब बस गांधी गांव के पास पहुंची, तभी ओवरटेक करने को लेकर ट्रक चालक और बस सवार लोगों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके बाद बारातियों ने ट्रक का पीछा किया और जैनापुर गांव के निकट उसे रुकवा लिया। वहां दो दर्जन से अधिक लोगों ने ट्रक चालक के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। साथ ही ट्रक पर ईंट-पत्थर भी फेंके, जिससे उसके सामने के शीशे टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। सूचना पर पहुंची राजेपुर पुलिस ने ट्रक चालक से घटना की जानकारी लेकर वाहन का नंबर और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज किए। इसके बाद बारातियों से भरी बस को आगे रवाना कर दिया गया। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]