फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर सोमवार को दो ग्राम पंचायतों के लोगों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पथराव, लाठी-डंडों और फायरिंग की घटना में प्रधान पति समेत कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रधान पति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत मुड़गांव के प्रधान रामनारायण सिंह अपने समर्थकों के साथ पड़ोसी ग्राम पंचायत निसाई स्थित सरकारी भूमि पर पहुंचे। इसकी सूचना मिलने पर निसाई की प्रधान गीता देवी के पति सत्येंद्र सिंह अकेले ही कार से मौके पर पहुंचे और कथित कब्जे का विरोध किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सत्येंद्र सिंह जैसे ही वाहन से नीचे उतरे, दूसरे पक्ष के लोगों ने उनकी गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। हमले की सूचना मिलते ही सत्येंद्र सिंह के समर्थक मौके पर पहुंचे, लेकिन उन पर भी हमला कर दिया गया। इस घटना में अमन, मनोज, अतुल, रवि तथा रतनपुर निवासी राहुल भी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायल सत्येंद्र सिंह और उनके पुत्र अभय को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में सत्येंद्र सिंह को बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि विवादित सरकारी भूमि की पूर्व में राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश कराई जा चुकी थी। इसके बावजूद भूमि पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। आरोप है कि एक दिन पहले भी कब्जे का प्रयास किया गया था, जिसे विरोध के चलते सफल नहीं होने दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी दावा है कि झड़प के दौरान कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, एसडीएम सदर गजराज सिंह तथा मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश कुमार नें बताया की जाँच की जा रही हैँ | जाँच कर कार्यवाही होंगी|
सरकारी भूमि पर कब्जे के विवाद में खूनी संघर्ष, प्रधान पति समेत कई घायल, क्षेत्र में तनाव
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



