फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम इटावा-बरेली हाईवे पर बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक पर बैठी महिला के कान से सोने के कुंडल नोच लिए और फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, राजेपुर थाना क्षेत्र के भुड्डनपुर की मढ़ैया निवासी ब्रजराम राजपूत अपनी पत्नी सोनम और तीन वर्षीय पुत्री मोनिका के साथ हरदोई जनपद के थाना पाली क्षेत्र स्थित खनुआ शंकरपुर में अपनी ससुराल से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। शनिवार शाम करीब 4:40 बजे इटावा-बरेली हाईवे पर जैनापुर गांव के पास पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोनम के कान से कुंडल नोच लिए और तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना के बाद ब्रजराम ने बदमाशों का उजरामऊ तक पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के कुंडल छीने जाने की सूचना मिली है। पुलिस बदमाशों की पहचान कर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
चलती बाइक पर महिला के कुंडल नोचकर फरार हुए बदमाश, हाईवे पर दिनदहाड़े वारदात से दहशत
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



