फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों को शासन की निर्देश पुस्तिका का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा से पूर्व प्रमाणित करें कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को सभी केंद्रों पर परीक्षा सामग्री समय से उपलब्ध कराने, महिला परीक्षार्थियों की सुरक्षा, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, ओआरएस, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा आवश्यकता पड़ने पर जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि जनपद में 2, 3 और 4 जुलाई को पांच पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा के लिए 19 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 31,560 परीक्षार्थी (प्रति पाली 6,312) शामिल होंगे। परीक्षा संचालन के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 19 केंद्र व्यवस्थापक, 19 सह केंद्र व्यवस्थापक तथा 526 कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यूपीटीईटी परीक्षा की तैयारियां पूरी करने के निर्देश, केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों : डीएम
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



