जिले में शुरू हुआ राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, डीएम ने बच्चों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की खुराक

0
109

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का रविवार को शुभारंभ हो गया। जिला अस्पताल स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फीता काटकर अभियान की शुरुआत की और नन्हे बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की।

[adrotate banner="3"]

अभियान के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में मौजूद बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके अभिभावकों से बातचीत कर टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्होंने चॉकलेट भी वितरित की, जिससे अस्पताल का माहौल खुशनुमा हो गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 28, 29 एवं 30 जून तक पूरे जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। पहले दिन निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।

उन्होंने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 2 लाख 92 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। सभी बूथों पर आशा, एएनएम एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि भविष्य में पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से उनका बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

अभियान के शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालय, लेबर रूम, महिला वार्ड, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक को अस्पताल में साफ-सफाई, मरीजों के बेहतर उपचार तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

महिला वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने उनका हालचाल जाना और नवजात शिशुओं का समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण से बच्चों का शारीरिक विकास बेहतर होता है और वे कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला) सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="2"]