हाई-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

0
40

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसा नेकपुर पुल और मसेनी चौराहे के बीच हुआ। अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय सुभाष उर्फ मल्लू सिसोदिया पुत्र राम सिंह, निवासी नरायनपुर, थाना कादरीगेट के रूप में हुई। स्वजनों नें बताया गया है कि सुभाष उर्फ मल्लू रोज की तरह शुक्रवार सुबह साइकिल से दीनदयाल बाग मजदूरी करने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी फूलमती का रो-रोकर बुरा हाल है। सुभाष अपने पीछे पत्नी और चार पुत्रियों को छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]