लखनऊ हादसे के बाद फर्रुखाबाद में सुरक्षा जांच जारी, कई प्रतिष्ठानों को नोटिस

0
79

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) राजधानी लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुई भीषण आग की घटना के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी विभिन्न निजी अस्पतालों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सेवा संस्थानों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार एवं विनियमित क्षेत्र के अधिकारी अंकित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के कई प्रमुख संस्थानों का दौरा कर वहां मौजूद सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान हीरो मोटर एजेंसी, गायत्री नर्सिंग होम, सूर्य नर्सिंग होम, माधव मैक्स हॉस्पिटल, सूर्य अल्ट्रासाउंड सेंटर, जायका रेस्टोरेंट, जियो कार्यालय तथा प्रयाग नारायण हॉस्पिटल सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति, विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा तथा भवन मानकों का गहन परीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी करते हुए जल्द सुधार करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान की जानकारी मिलते ही अन्य प्रतिष्ठानों में भी सुरक्षा प्रबंधों को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। सिटी मजिस्ट्रेट अंकित कुमार ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी सार्वजनिक भवन या संस्थान में सुरक्षा संबंधी लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा और जिले के अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों की भी नियमित जांच की जाएगी, जिससे भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]