डंपर की टक्कर से खड़ी कार खड्ड में पलटी, साधु की मौत, दूसरा घायल

0
69

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर/राजेपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में खड़ी मारुति सुजुकी कार को पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने एक साधु को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के चौहान चौराहा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय रामू भारती पुत्र बासुदेव अपने एक साथी के साथ मारुति सुजुकी कार से जरियानपुर की ओर जा रहे थे। अमृतपुर थाना क्षेत्र में दयानंद इंटर कॉलेज के निकट किसी कार्यवश उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और बातचीत करने लगे। इसी दौरान फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। एसआई खूबेलाल ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद रामू भारती पुत्र बासुदेव निवासी भगवान मोहल्ला, मैनपुरी को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी शुरू कर दी। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]